Raipur Congress Protest : मनरेगा का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों, किसानों पर अत्याचार, बेरोजगारी, प्रदेश में बढ़ते अपराध और जंगलों की कटाई समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने रायपुर में विधानसभा का घेराव किया। घेराव से पहले भारत माता चौक पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि पहले मनरेगा का लगभग 90 प्रतिशत फंड केंद्र सरकार की ओर से आता था, लेकिन अब खर्च और नियंत्रण की व्यवस्था बदल दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कई मामलों में दबाव में फैसले ले रही है, जिसका असर किसानों और मजदूरों पर पड़ रहा है।
भूपेश बघेल का मोदी सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “56 इंच की बात करने वाली सरकार आज किसानों को डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।” उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि आम आदमी को महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
बघेल ने आरोप लगाया कि मनरेगा जैसी योजना को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मजदूरों को 15 दिनों के भीतर मजदूरी मिलने का अधिकार था, लेकिन अब भुगतान व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
2028 और 2029 में कांग्रेस सरकार बनने का दावा
भूपेश बघेल ने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी और गरीबों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा। उन्होंने मंच से कवासी लखमा को “बस्तर टाइगर” बताते हुए आदिवासियों के मुद्दों को उठाने की बात कही।
उन्होंने बस्तर क्षेत्र की घटनाओं और प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर कई आरोप लगाए।
चरणदास महंत ने सरकार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को न सड़कों पर विरोध करने दिया जा रहा है और न ही विधानसभा में उनकी आवाज सुनी जाती है।
महंत ने बड़े उद्योगपतियों को खदानें दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे गरीबों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी और मनरेगा कानून को फिर से मजबूत किया जाएगा।
दीपक बैज ने उठाए स्थानीय मुद्दे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस का यह घेराव मनरेगा, बढ़े हुए बिजली बिल, बेरोजगारी, अफीम की खेती और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बिजली बिल की दरें बढ़ गई हैं और किसानों को धान बेचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैज ने कहा कि कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी कम हो गए हैं।





