Raipur Congress Protest : मनरेगा का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, किसानों पर अत्याचार, बेरोजगारी, प्रदेश में बढ़ते अपराध और जंगलों की कटाई जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर में विधानसभा का घेराव किया। घेराव से पहले भारत माता चौक पर सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई विधायक, पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भूपेश बघेल का केंद्र सरकार पर हमला
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “56 इंच की बात करने वाली सरकार आज किसानों को डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।” उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि आम लोगों को महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर कर रही है। बघेल ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत मजदूरों को 15 दिनों के भीतर मजदूरी मिलने का अधिकार था, लेकिन अब केंद्र सरकार भुगतान व्यवस्था को प्रभावित कर रही है।
मोदी का नाम पनौती रखना चाहिए : बघेल
भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों के मूलभूत अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी और गरीबों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा।
उन्होंने मंच से कवासी लखमा को “बस्तर टाइगर” बताते हुए आदिवासियों के मुद्दों को उठाने की बात कही। बस्तर क्षेत्र की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।
चरणदास महंत ने कहा – विरोध की आवाज दबाई जा रही
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो सड़कों पर विरोध करने दिया जा रहा है और न ही विधानसभा में विपक्ष की आवाज सुनी जा रही है।
महंत ने कहा कि देश की खदानें बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही हैं, जबकि गरीबों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी और मनरेगा कानून को फिर से मजबूत किया जाएगा।
दीपक बैज ने उठाए स्थानीय मुद्दे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस का यह घेराव मनरेगा, बढ़े हुए बिजली बिल, बेरोजगारी, अफीम की खेती और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसानों को धान बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए।
बैज ने कहा कि राज्य में बिजली बिल बढ़ गए हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों पर जनता के बीच जाकर संघर्ष जारी रखने की अपील की।





