रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों मुद्दों के साथ-साथ कार्टून वार भी तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुर्गा-कटहल और गधा-घोड़ा को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। कांग्रेस ने बीजेपी पर नाम बदलने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कटाक्ष किया, तो जवाब में बीजेपी ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए गधे का कार्टून पोस्ट कर पलटवार किया है।
कांग्रेस ने मुर्गा-कटहल को लेकर कसा तंज
दरअसल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के खाने को लेकर वायरल हुई तस्वीर पर सोशल मीडिया में एक कार्टून जारी किया। कांग्रेस ने तस्वीर में दिख रहे खाद्य पदार्थ को नॉनवेज बताए जाने के विवाद पर तंज कसते हुए लिखा कि “मुर्गे ने भी हार मान ली, नाम बदलने में माहिर बीजेपी, अब मुर्गे की बारी है।”
कांग्रेस के कार्टून में कटाक्ष किया गया कि “पहले लोगों को मुर्गा बनाया, अब मुर्गे को कटहल।” कांग्रेस ने इस पोस्ट के जरिए बीजेपी पर नाम बदलने को लेकर निशाना साधा।
बीजेपी ने राहुल गांधी को बताया ‘गधा’
कांग्रेस के इस कार्टून के जवाब में छत्तीसगढ़ बीजेपी ने भी सोशल मीडिया पर पलटवार किया। बीजेपी ने अपने पोस्ट में राहुल गांधी को गधे के रूप में दिखाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
बीजेपी ने कार्टून के जरिए लिखा कि “इस गधे के सामने, गधे ने भी हार मान ली है।” साथ ही कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि “पहले गधे को अपना नेता बनाया, अब गधे को घोड़ा बनाने में लगे हैं।”
सोशल मीडिया पर बढ़ा सियासी वार-पलटवार
कांग्रेस और बीजेपी के इन पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों दलों के समर्थकों के बीच भी बयानबाजी तेज हो गई है। राजनीतिक मुद्दों के साथ अब कार्टून और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साधने का सिलसिला भी लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।





