May 15, 2026

रायपुर शहर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, 61 सदस्यीय टीम को मिली मंजूरी

रायपुर। रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने पूर्व में जारी सूची को अनुमोदन नहीं मिलने के कारण निरस्त करते हुए नई 61 सदस्यीय कार्यकारिणी को मंजूरी दी है।

नई सूची में कुल 61 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें 12 उपाध्यक्ष, 19 महामंत्री, 20 सचिव और 10 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं। साथ ही सचिन अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बताया जा रहा है कि पिछली सूची को लेकर संगठन के भीतर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने समीक्षा बैठक में कार्यकारिणी और वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति में देरी पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद 10 अप्रैल को जारी सूची पर आपत्ति उठाते हुए उसे निरस्त कर दिया गया था।

अब नई कार्यकारिणी को आधिकारिक मंजूरी मिल गई है, जिससे संगठन के भीतर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।