July 27, 2026

बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, CSEB दफ्तर का घेराव

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पहाड़ी चौक से पैदल मार्च निकालते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुढ़ियारी स्थित CSEB कार्यालय का घेराव किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने किया, जिसमें पूर्व महापौर एजाज ढेबर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

गुढ़ियारी क्षेत्र में लगातार कटौती का आरोप
सुबोध हरितवाल ने बताया कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र, खासकर गुढ़ियारी इलाके में रात के समय लगातार बिजली कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में लाइनमैन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह से प्रभावित हो रही हैं।

जनता की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान है, इसलिए पार्टी को सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता को परेशान करने और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

भाजपा पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर जनता बिजली संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार धर्म की राजनीति में लोगों को उलझा रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है।

अधिकारियों ने दिया आश्वासन
घेराव के दौरान बिजली विभाग के SE महेश ठाकुर और EE रामकुमार साहू मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली कटौती की समस्या को दूर किया जाएगा और संबंधित ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।

कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व महापौर एजाज ढेबर, ब्लॉक अध्यक्ष सुधा सरोज, किशन बाजारी, सुंदर जोगी, रमाकांत शर्मा, अमित काचलवार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।