July 29, 2026

रायपुर में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से नाराज कांग्रेसियों ने किया बिजली दफ्तर का घेराव

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बिजली गुल होने और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गुढ़ियारी स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस महामंत्री Subodh Haritwal के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएसईबी के चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़े हुए बिजली बिल, बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने “CSEB मुर्दाबाद” के नारे लगाए और जल्द समस्या समाधान की मांग की।

कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने कहा कि गुढ़ियारी और रामनगर इलाके के कई घरों में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था प्रभावित है। लोगों द्वारा बिजली विभाग के कार्यालय में फोन करने पर भी अधिकारी फोन रिसीव नहीं करते, जिससे आम जनता परेशान हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वर्षों से मेंटेनेंस कार्य के नाम पर लोगों को आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन बिजली संकट अब तक खत्म नहीं हुआ।

वहीं मामले में बिजली विभाग के अधिकारी Sanjeev Singh ने कहा कि जिन इलाकों में बिजली समस्या की शिकायत मिली थी, वहां विभाग की टीम पहुंचकर सुधार कार्य कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी स्थिति बनने पर बिजली विभाग तत्परता से काम करेगा।