July 23, 2026

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का जन अभियान शुरू, घर-घर बांटे आवेदन फॉर्म

रायपुर। घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार से जन अभियान की शुरुआत की। बरसते बारिश के बीच शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड स्थित लाखेनगर चौक बिजली कार्यालय के सामने अभियान शुरू किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर बदलने और बिजली बिलों की जांच की मांग संबंधी आवेदन पत्र वितरित किए तथा उपभोक्ताओं से फॉर्म भरकर बिजली विभाग में जमा करने की अपील की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने इसका समर्थन किया।

बिजली बिल बढ़ने से उपभोक्ताओं में नाराजगी

अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। लोगों ने कांग्रेस नेताओं को अपनी समस्याएं बताते हुए जल्द समाधान की मांग की। उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य लोगों की शिकायतों को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच हो और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कई बार बिजली दरों में वृद्धि की है और स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार का उदाहरण देते हुए छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और पुराने मीटर वापस लगाने की मांग की।

‘स्मार्ट मीटर लूट का माध्यम’ : प्रमोद दुबे

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए आम लोगों से अधिक वसूली की जा रही है। वहीं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए, जिससे लोगों की नाराजगी स्पष्ट होती है।

70 वार्डों तक चलेगा अभियान

पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि यह अभियान अब रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाएंगे और उपभोक्ताओं की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ताओं के हित में आगे भी लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लाखेनगर बिजली कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी किया तथा वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को आवेदन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की।