रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के भीतर मचे विवाद पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए संगठन में आपसी खींचतान और नेतृत्व संकट को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल जल्द समाप्त होने वाला है, लेकिन अब तक वह कार्यकारिणी तक का गठन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में एकता की कमी है और पार्टी के भीतर लगातार नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में 3200 करोड़ के कथित घोटाले को लेकर भी आपसी मतभेद और खींचतान देखने को मिल रही है। मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि “कांग्रेस के भीतर कौन अध्यक्ष बनेगा, इस पर ही सहमति नहीं है, ऐसे में जनता के मुद्दे पीछे छूट गए हैं।”
भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस में टी.एस. सिंहदेव, अमरजीत भगत और दीपक बैज जैसे नेता अध्यक्ष पद को लेकर अपनी-अपनी दावेदारी जता रहे हैं, जिससे संगठन में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश को कांग्रेस मुक्त बनाना है और सनातन संस्कृति को मजबूत करना है। मिश्रा ने दावा किया कि भाजपा छत्तीसगढ़ से लेकर देश के कई राज्यों में मजबूत स्थिति में है।
इस बीच टी.एस. सिंहदेव द्वारा हसदेव अरण्य के केते एक्सटेंशन को लेकर FAC को लिखे गए पत्र पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस विषय पर पूर्व निर्णय और स्थिति सभी को पहले से ज्ञात है।
कांग्रेस में जारी अंदरूनी विवाद और नेतृत्व को लेकर उठे सवालों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।





