May 15, 2026

रायपुर उपभोक्ता आयोग की अतिरिक्त पीठ का उद्घाटन, मामलों की त्वरित सुनवाई शुरू

रायपुर। रायपुर जिला उपभोक्ता आयोग की अतिरिक्त पीठ का आज औपचारिक उद्घाटन न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हितों की रक्षा और न्याय की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अतिरिक्त पीठ की स्थापना को उपभोक्ता मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।

जिला उपभोक्ता आयोग रायपुर की अतिरिक्त पीठ में अध्यक्ष का दायित्व प्रशांत कुंडु और सदस्य का दायित्व आनंद वर्गीस को सौंपा गया है। उद्घाटन के तुरंत बाद सोमवार से ही मामलों की सुनवाई प्रारंभ कर दी गई।

न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयालदास बघेल और विभागीय सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अतिरिक्त पीठ उपभोक्ताओं को शीघ्र न्याय दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम में राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य प्रमोद वर्मा, रजिस्ट्रार श्रीनिवास तिवारी, जिला उपभोक्ता आयोग रायपुर के अध्यक्ष डी.पी. शर्मा, सदस्य निरूपमा प्रधान और अनिल अग्निहोत्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हितेंद्र तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता शेखर अमीन, पी.के. पॉल, आर.के. भावनानी और राकेश पुरी सहित अन्य अधिवक्ता और अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।