July 29, 2026

रायपुर में करंट लगने से माली की मौत का मामला फिर गरमाया, पत्नी ने सोसायटी प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के कोटा रोड स्थित क्रेस्ट ग्रीन्स रेसिडेंशियल सोसायटी में करंट लगने से माली एस. तुफान की मौत का मामला करीब पांच महीने बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मृतक की पत्नी ने सोसायटी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर की मांग की है।

शिकायतकर्ता एस. गायत्री ने आरोप लगाया है कि 1 दिसंबर 2025 को सोसायटी परिसर में बागवानी का काम करते समय उनके पति धातु की सीढ़ी लेकर जा रहे थे, तभी उसका संपर्क परिसर में खुले पड़े हाईटेंशन बिजली तार से हो गया। तेज करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद सोसायटी पदाधिकारियों ने उन्हें मुआवजे और नौकरी में सहायता का आश्वासन देकर पुलिस शिकायत करने से रोका गया। मृतक की पत्नी का कहना है कि करीब 20 लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई मदद नहीं मिली और परिवार को नजरअंदाज किया जा रहा है।

परिवार ने बताया कि मृतक ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनकी मौत के बाद पत्नी, वृद्ध माता और अन्य परिजन आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

शिकायत में सोसायटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों पर लापरवाही और जिम्मेदारी तय करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की गई है।

वहीं, रायपुर पुलिस अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। डीसीपी संदीप पटेल ने बताया कि शिकायत संबंधित थाने को भेज दी गई है और जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।