रायपुर। राजधानी रायपुर के गोगांव अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटा अशोकनगर निवासी प्रीतम साहू के रूप में हुई है। वह नड्डा बेचने का काम करता था। शव पर मिले संदिग्ध चोट के निशानों के बाद पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गोगांव रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, ट्रेन की चपेट में आने से युवक के पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। हालांकि, शव पर अन्य चोटों के निशान भी संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हत्या के एंगल से जांच
शरीर पर मिले संदिग्ध चोटों के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या उससे पहले उसके साथ कोई वारदात हुई थी। शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस ने गोगांव और अशोकनगर इलाके के कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से जुड़े हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रीतम रविवार सुबह घर से निकला था। बताया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान पैसों को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते उसके साथ मारपीट और हत्या की वारदात हुई हो सकती है।
हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हत्या की असल वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।





