Raipur Crime : राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटों के भीतर चाकूबाजी की चार बड़ी वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार कालीबाड़ी गांधी नगर, मौदहापारा, डीडी नगर और डबरापारा इलाकों में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के पीछे आपसी रंजिश और गैंगवार को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
मौदहापारा में पुरानी रंजिश पर हमला
सबसे गंभीर मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। सोमवार शाम मो. अल्ताफ और राशिद अली इफ्तारी के लिए जा रहे थे, तभी रवि रक्सेल और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों से विवाद कर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौदहापारा थाने पहुंच गए और मरही माता मंदिर के पास भीड़ जमा हो गई, जहां पथराव और मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में हत्या के प्रयास और बलवा की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है।
कालीबाड़ी में पड़ोसियों के विवाद में चाकूबाजी
सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर कालीबाड़ी में भी मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई। यहां पड़ोसियों मोहित निहाल और अभिषेक सोनी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
15 मार्च की रात धनराज किराना दुकान के पास विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में अभिषेक सोनी, समीर बघेल और गुड्डी बघेल घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
डीडी नगर में तेज आवाज में गाना बजाने पर विवाद
डीडी नगर क्षेत्र में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और टीवी तोड़ दिया। इस दौरान प्रार्थी के भाई आर्यन ठावरे को ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया गया।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने कुबेर प्रसाद वर्मा, चंदन गुप्ता और विष्णु प्रसाद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





