July 23, 2026

Raipur Crime News: महिला थाना के पास युवक की खून से लथपथ लाश मिली, हत्या की आशंका

रायपुर।

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह महिला थाना के पास एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिसके चलते पुलिस हत्या की आशंका के साथ मामले की जांच कर रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हत्या के एंगल से जांच

मृतक के सिर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।