May 13, 2026

Crime News : पार्टी के लिए युवक को बनाया बंधक, एटीएम से जबरन निकलवाए 10 हजार रुपए

रायपुर। राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। टिकरापारा थाना क्षेत्र में पार्टी करने के लिए तीन बदमाशों ने एक युवक को बंधक बनाकर उससे जबरन एटीएम से 10 हजार रुपए निकलवा लिए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर एक निजी कंपनी में काम करता है। 8 मई को वह टिकरापारा इलाके से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान साहू भवन के पास स्थित एक पान ठेले पर वह रुका। तभी वहां विशाल बृजवानी उर्फ दीनू (26) अपने दो साथियों के साथ पहुंचा।

आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी वजह के विशाल सोनकर से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती उसे उसके ही मोपेड पर बैठाकर पास के एटीएम तक ले गए।

पीड़ित ने बताया कि एटीएम के भीतर भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे डराकर खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए और रकम लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवक ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से 5 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को आरोपी के खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा भेजी गई है।

फिलहाल मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।