September 4, 2026

रायपुर में चाकूबाजी से सनसनी: एक ही रात दो हत्याएं, 5 आरोपी गिरफ्तार; 20 दिनों में 12 हत्याओं से पुलिस पर सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पिछले 20 दिनों में रायपुर में 12 हत्याओं की घटनाएं सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

महादेव घाट रोड पर चाकूबाजी

पहली घटना महादेव घाट रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने कैलाश को रोक लिया और कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। इस घटना में टिकेंद्र की मौत हो गई, जबकि कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

चंगोराभांठा में युवक की हत्या

दूसरी घटना रविवार रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

5 आरोपी गिरफ्तार

घटनाओं की सूचना मिलते ही डीडी नगर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और दोनों मामलों में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं।

पुलिस ने दोनों मामलों में BNS की हत्या, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, हत्या के कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

20 दिनों में 12 हत्याओं से उठे सवाल

राजधानी में लगातार हो रही चाकूबाजी और हत्या की घटनाओं के बीच पिछले 20 दिनों में 12 हत्याएं होने का दावा किया जा रहा है। एक ही रात दो हत्याओं की घटना सामने आने के बाद राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।