March 4, 2026

रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, अंगारों पर चले; वॉटर कैनन से हालात काबू, कई हिरासत में

रायपुर।
Raipur के तूता धरना स्थल पर सहायक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर 57 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को उग्र हो गया। अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में अंगारों पर चलकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें 4 अभ्यर्थी घायल हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार से दो युवतियां बेहोश हो गईं। करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस का इंतजार किया गया। इस दौरान साथी अभ्यर्थी उन्हें कंधों पर उठाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश करते रहे।

मौके पर मौजूद मीडिया टीम की मदद से बेहोश युवतियों को अभनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों युवतियां उपचार के बाद खतरे से बाहर हैं।

प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेजा गया है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की।

गौरतलब है कि अभ्यर्थियों ने इससे पहले राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने का आरोप लगाते हुए आदिवासी अभ्यर्थी 24 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं।