रायपुर। नगर निगम रायपुर द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ छत्तीसगढ़ प्रदेश देवभोग मिल्क पार्लर संघ ने विरोध तेज कर दिया है। निगम की कार्रवाई से नाराज संघ के सदस्यों ने जोन क्रमांक 10 कार्यालय पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया।
विरोध के दौरान संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में दूध के पैकेट फोड़कर अपना आक्रोश जताया। उनका कहना है कि शासन के उपक्रम ‘देवभोग’ के मिल्क पार्लरों को अतिक्रमण मानकर हटाना गलत है, इससे न केवल स्वरोजगार प्रभावित हो रहा है बल्कि आम जनता की दुग्ध आपूर्ति भी बाधित हो रही है।
संघ ने जोन क्रमांक 10 के कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप भी लगाया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
संघ ने अपनी मांगों में मिल्क पार्लरों को हटाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने, संबंधित कर्मचारी से सार्वजनिक माफी मंगवाने और शासकीय उपक्रम के पार्लरों के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग रखी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार एक ओर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर निगम प्रशासन उसी के उपक्रम को हटाने का काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो शहर की दुग्ध आपूर्ति बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।





