रायपुर। धान की अंतर राशि को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी जारी है। कांग्रेस ने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
राज्य के मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है और किसी भी पात्र हितग्राही के साथ भेदभाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और धान की अंतर राशि सभी पात्र किसानों और महिलाओं के खातों में होली से पहले पहुंचा दी गई है।
मंत्री वर्मा ने कांग्रेस पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।
इधर कुमार मेनन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रायपुर, ने विरोध दर्ज कराते हुए होली नहीं मनाने का निर्णय लिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टंक राम वर्मा ने कांग्रेस की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी देश की संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ काम कर रही है।
मंत्री वर्मा ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर निर्माण संभव हो सका। उन्होंने इसे सनातन समाज के संघर्ष की जीत बताया।
धान की अंतर राशि को लेकर जारी इस राजनीतिक घमासान के बीच दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।





