धान मूल्य के अंतर की राशि देने के निर्णय पर जताया आभार
रायपुर, 12 फरवरी 2026।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने प्रदेश के किसानों से पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी कर समर्थन मूल्य के तहत भुगतान किया है। मुख्यमंत्री श्री साय की अध्यक्षता में 11 फरवरी को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में होली पर्व से पहले कृषक उन्नति योजना के तहत धान मूल्य के अंतर की राशि देने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के प्राधिकारी श्री शशिकांत द्विवेदी ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से किसानों को त्यौहार से पहले आर्थिक संबल मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि इस वर्ष राज्य सरकार ने प्रदेश के 25.24 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की है। इसके एवज में मार्कफेड द्वारा किसानों के बैंक खातों में लगभग 31,275 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ सरकार बीते तीन खरीफ विपणन सत्रों से किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से धान खरीदी कर अपने वादे को पूरा कर रही है।
मंत्रिपरिषद के इस निर्णय से किसानों में उत्साह का माहौल है। होली से पहले अंतर की राशि मिलने से पर्व की खुशियां और बढ़ेंगी।
श्री शशिकांत द्विवेदी ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले दो वर्षों में किसानों को लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।





