धरसींवा। रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा स्थित ग्राम सोंडरा में अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर एक किसान हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम सोंडरा निवासी किसान किशन निषाद की फार्च्यून फैक्ट्री के पास कृषि भूमि है, जिस पर वह खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोप है कि कुछ वर्ष पहले फैक्ट्री प्रबंधन ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया।
गांव के सरपंच संतोष साहू ने बताया कि पीड़ित किसान ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कराने पर जमीन किसान की ही निकली, इसके बावजूद उसे जमीन का कब्जा नहीं दिलाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद भी न्याय नहीं मिलने से परेशान किसान ने आत्मघाती कदम उठाते हुए सोमवार सुबह हाईटेंशन टावर पर चढ़कर विरोध शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसान को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल किसान टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं है।





