July 31, 2026

CG Industrial Accident: रायपुर की नूतन इस्पात फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर की मौत, 2 घायल, मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन

धरसींवा। रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र स्थित जरौदा की नूतन इस्पात फैक्ट्री में बुधवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

काम के दौरान करंट की चपेट में आए तीन मजदूर

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में कार्य के दौरान तीन मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में तीनों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अनिल यादव की मौत हो गई। अन्य दो घायल मजदूरों का उपचार जारी है।

मौत के बाद फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन

मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री पहुंचे और मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर श्रमिकों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण श्रमिकों की जान लगातार जोखिम में है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक अनिल यादव अपने पीछे पत्नी राजेश्वरी यादव, दो छोटे बच्चों और वृद्ध पिता को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अनिल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

40 लाख रुपये मुआवजे की मांग

धरना-प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के नेता सोहन निषाद ने मृतक के परिजनों को 40 लाख रुपये मुआवजा और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के बाद अब तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी परिजनों से मिलने नहीं पहुंचा है।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की निगरानी में स्थिति बनी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।