धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन बावड़ी के पास बच्चे रोजाना की तरह खेलने पहुंचे थे। इसी दौरान साक्षी साहू (7 वर्ष), पिता योगेश साहू और श्रवण धीवर (4 वर्ष), पिता भूपेंद्र धीवर खेलते-खेलते बावड़ी के पानी में उतर गए। बावड़ी में करीब 25 से 30 फीट गहरा पानी होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पहली बार हुआ ऐसा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह प्राचीन बावड़ी ऐतिहासिक महत्व की है। मान्यता है कि राजा कुंबरसिंह के शासनकाल में उनकी रानी भी इसी बावड़ी में आया करती थीं। इसके बावजूद यहां पहले कभी इस तरह की घटना सामने नहीं आई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने की मांग उठाई है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।





