May 14, 2026

Digital Arrest Fraud : मुंबई क्राइम ब्रांच बनकर 1.25 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

रायपुर। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 58 लाख रुपये पीड़ित को वापस दिलाए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है।

रायपुर निवासी सपन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर कुछ लोगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। आरोपियों ने प्रार्थी को यह कहकर डराया कि उसके क्रेडिट कार्ड के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज हुआ है।

24 घंटे वीडियो कॉल पर रखकर की ठगी
ठगों ने पीड़ित को करीब 24 घंटे तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़े रहने के लिए मजबूर किया और उसे डिजिटल अरेस्ट में रखकर लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में विधानसभा थाना में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।

58 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए गए
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम को कई लेयर वाले बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस ने तुरंत इन खातों की पहचान कर राशि को होल्ड करा दिया। इसके बाद न्यायालय के माध्यम से 58 लाख रुपये पीड़ित को वापस दिलाए गए, जबकि शेष रकम अभी भी आरोपियों से जुड़े खातों में होल्ड है।

हरियाणा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी सोमनाथ महतो है, जो घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दिल्ली और हरियाणा भेजा गया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने उसे हरियाणा के गुड़गांव से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी सोमनाथ महतो (27 वर्ष) आर मंगलम यूनिवर्सिटी, सोहना, गुड़गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। फिलहाल इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।