May 14, 2026

रायपुर डबल मर्डर केस में नया खुलासा, मेडिकल स्टोर में भी की थी फायरिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में दो सालियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी जीजा जीतेंद्र वर्मा से जुड़ा एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया और एक मेडिकल स्टोर में घुसकर संचालक पर पिस्टल तान दी। आरोपी ने वहां फायरिंग भी की, जिसमें मेडिकल संचालक बाल-बाल बच गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

यह पूरा मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी जीतेंद्र वर्मा की शादी वर्ष 2020 में ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी पिछले 20-25 दिनों से मायके में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि 5 मई की रात करीब साढ़े 10 बजे जीतेंद्र अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्चों से मिलने की बात कही। इस दौरान उसकी साली गितांजली उर्फ जया ने उसे सुबह आने के लिए कहा। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी लायसेंसी पिस्टल से गितांजली पर गोली चला दी।

फायरिंग की आवाज सुनकर जब दूसरी साली दुर्गेश्वरी घर से बाहर आई, तो आरोपी ने उसे भी गोली मार दी। इस घटना में दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

अब इस मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने सनसनी फैला दी है। वीडियो में आरोपी मेडिकल स्टोर में घुसकर संचालक को धमकाते और फायरिंग करते दिखाई दे रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।