रायपुर। राजधानी में डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई है। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेमरिया गांव की है, जहां एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से वारकर निर्मम हत्या कर दी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने आज सुबह करीब 7 बजे पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि गुलाब साहू और लता साहू ने करीब चार साल पहले दूसरी शादी की थी। चित्रा (22 वर्षीय) लता की पहले पति से बेटी थी।
विवाद बना हत्या की वजह
सौतेली बेटी चित्रा का किसी युवक के साथ आना-जाना था, जिससे आरोपी नाराज रहता था। इसी बात को लेकर परिवार में कई बार विवाद हो चुका था। घटना के दिन भी आरोपी और चित्रा के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।
गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर बेटी की हत्या कर दी। वहीं बीच-बचाव करने आई पत्नी लता साहू को भी मौत के घाट उतार दिया।
खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।





