रायपुर। राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंदिर हसौद के पास DRI की टीम ने गांजा से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में प्लास्टिक प्लंबिंग पाइप की आड़ में गांजा छिपाकर दूसरे राज्यों में तस्करी किए जाने की बात सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया ट्रक
जानकारी के मुताबिक, DRI को मुखबिर से संदिग्ध ट्रक के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने ट्रक का पीछा कर मंदिर हसौद के पास उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 250 किलो गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
पाइप के बीच छिपाया गया था गांजा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए प्लास्टिक प्लंबिंग पाइप का इस्तेमाल किया था। ट्रक को सामान्य माल से लदा दिखाकर गांजा दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की तैयारी थी।
DRI ने ट्रक और गांजा जब्त कर लिया है। वहीं ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश
अधिकारी चालक से गांजा कहां से लाया गया और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रहे हैं। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
DRI की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होने के बाद जब्त गांजे की सही मात्रा, आरोपियों की संख्या और पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।





