रायपुर। राजधानी रायपुर के रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। जाली नोटों की तस्करी की सूचना पर हुई इस रेड में टीम ने 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे जब्त किए हैं।

जाली नोटों का बड़ा नेटवर्क होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, ट्रैवल कंपनी के जरिए करोड़ों रुपये के जाली नोट दूसरे राज्यों में भेजे जा रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर डीआरआई की पांच सदस्यीय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे थे नोट
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि नोटों से भरे ये बोरे पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे थे। इन्हें बस के जरिए ट्रांसपोर्ट किया जा रहा था, जिसे रायपुर में जब्त कर लिया गया।
संदिग्धों के नाम सामने आए
सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता से उदय सिंह बिस्वाल नामक व्यक्ति ने इन बोरों को भेजा था, जबकि दिल्ली में इन्हें कमल किशोर गुप्ता तक पहुंचाया जाना था। हालांकि, डीआरआई की टीम ने समय रहते कार्रवाई कर पूरे खेप को जब्त कर लिया।
जांच जारी
जब्त किए गए नोटों की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ये पूरी तरह जाली हैं या असली नोटों के साथ मिलावट की गई है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।





