May 15, 2026

CG News : रायपुर में अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, ‘ओशियन ग्रो गांजा’ के साथ नेटवर्क का खुलासा

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को ‘ओशियन ग्रो गांजा’ नाम के विशेष प्रकार के मादक पदार्थ के साथ पकड़ा है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय एक संगठित ड्रग नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन दिन पहले 11 अप्रैल की रात छापेमारी कर रितिक पसरिचा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उससे मिली जानकारी के आधार पर 13 अप्रैल को दूसरे आरोपी मोहित पाल को रायपुर पहुंचते ही हिरासत में लिया गया। मोहित ने पूछताछ में बताया कि वह रितिक के साथ मिलकर गांजा और ‘ओशियन ग्रो गांजा’ की बिक्री करता था और ऑनलाइन माध्यम से लेनदेन भी करता था।

मोहित पाल दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र का निवासी है और रायपुर के मोवा स्थित अशोका हाईट्स में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, मोहित और उसका साथी कुलदीप पाल रायपुर आकर रितिक के साथ मिलकर नशे का कारोबार चलाते थे। घटना के बाद मोहित दिल्ली भाग गया था, लेकिन एक दिन पहले ही रायपुर लौटने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल एक अन्य आरोपी कुलदीप पाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से कुरियर के माध्यम से मादक पदार्थ मंगवाते थे और रायपुर में उसकी सप्लाई करते थे। पहले पकड़े गए आरोपी रितिक के पास से 2.870 किलोग्राम गांजा और 114 ग्राम ‘ओशियन ग्रो गांजा’ के अलावा नकदी, महंगा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई थी।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और रायपुर में इस नशे को खरीदने वाले ग्राहकों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।