May 19, 2026

राजधानी में ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, डेड ड्रॉप सिस्टम से हो रही थी सप्लाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के एक संगठित अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस नेटवर्क का संचालन दिल्ली से किया जा रहा था, जबकि रायपुर में लोकल स्तर पर सप्लाई चेन सक्रिय थी।

जांच में सामने आया हाईटेक नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी “डेड ड्रॉप सिस्टम” के जरिए ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे। इस सिस्टम में ड्रग्स को सुनसान स्थानों पर रखकर उसकी लोकेशन और वीडियो ग्राहकों को भेजा जाता था, जिससे सप्लायर और ग्राहक के बीच सीधा संपर्क न हो सके।

कूरियर और रैपिडो के जरिए डिलीवरी
ड्रग्स सप्लाई के लिए आरोपी कूरियर सेवाओं और रैपिडो राइडर्स का इस्तेमाल कर रहे थे। वहीं पेमेंट के लिए अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था, जिससे ट्रांजेक्शन ट्रेस करना मुश्किल हो।

दिल्ली से ऑपरेट हो रहा था नेटवर्क
मामले में मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा दिल्ली में रहकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। दोनों पहले भी साल 2024 में ड्रग्स मामले में जेल जा चुके हैं। इनके निर्देश पर रायपुर में ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी।

ऐसे हुआ खुलासा
एसीसीयू को सूचना मिली थी कि शहर में रैपिडो राइडर्स के जरिए एमडीएमए ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के आधार पर 29 मार्च को तेलीबांधा क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया।

बरामद हुआ सामान
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 48.03 ग्राम एमडीएमए (कीमत करीब 7 लाख रुपए), 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, बाइक और ड्रग्स सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे कूरियर बॉक्स जब्त किए हैं।

आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।