September 4, 2026

Raipur Gold Smuggling: दुरंतो एक्सप्रेस से 1.96 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, 2 संदिग्ध हिरासत में

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने DRI नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को भी पकड़ा गया है। बरामद सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है।

7 सोने के बिस्किट और एक छड़ बरामद

यह कार्रवाई ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में की गई। जब्त सोने में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है।

गुप्त सूचना पर ट्रेन में शुरू हुई जांच

आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि ट्रेन में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच शुरू की।

टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान B-12 कोच में दो संदिग्ध मिले, जिन्हें भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया।

1.242 किलो विदेशी सोना जब्त

संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत ₹1,96,34,307 आंकी गई है।

आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को जब्त सोने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया।

कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज

DRI नागपुर ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी

DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। एजेंसी संभावित तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।