रायपुर। वैश्विक स्तर पर फैल रही संक्रामक बीमारियों और इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डेडिकेटेड आइसोलेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सा अधिकारी रायपुर को भेजे गए पत्र में संदिग्ध मरीजों के त्वरित इलाज, संक्रमण नियंत्रण और सुरक्षा के लिए सभी जरूरी सुविधाओं से लैस आइसोलेशन सेंटर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा राज्य सर्विलेंस यूनिट और आईडीएसपी को भी आवश्यक जानकारी साझा करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस विशेष आइसोलेशन सेंटर में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के लिए अलग-अलग सुरक्षित वार्ड बनाए जाएंगे। डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी पीपीई किट एवं सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेंगे। वहीं एयरपोर्ट से मरीजों को सेंटर तक लाने के लिए डेडिकेटेड एंबुलेंस और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके साथ ही सैंपल कलेक्शन और सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा, रायपुर एयरपोर्ट पर विशेष स्क्रीनिंग टीम की तैनाती और बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित डिस्पोजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि इबोला समेत अन्य घातक वायरस के वैश्विक खतरे को देखते हुए उच्च स्तर की सतर्कता और त्वरित चिकित्सकीय तैयारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से रायपुर में हाई-सिक्योरिटी आइसोलेशन सेंटर तैयार किया जा रहा है।





