रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के बाद एक आरोपी ने चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया। घटना में तीनों युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जुलूस के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान तात्यापारा इलाके में कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अपने पास रखे चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवकों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कुछ युवक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस सुरक्षा के बीच वारदात
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर राजधानी में पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार रात भी शहर में अलग-अलग स्थानों पर चाकूबाजी की दो घटनाएं हुई थीं, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में पर्व के दौरान पुलिस सुरक्षा के बीच तीन युवकों पर चाकू से हमला होने की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





