रायपुर। शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा 12 मई 2026 को लायवलीहुड कॉलेज, जोरा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें कई निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 413 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें कक्षा 5वीं से लेकर 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पास उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मेले में ESAF स्वश्रय मल्टीस्टेट एग्रो कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, JD हार्डस्केप्स प्राइवेट लिमिटेड, Elxer कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड, परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स, ITM एडुटेक ट्रेनिंग प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियां भाग लेंगी, जो विभिन्न पदों के लिए चयन करेंगी।
ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदकों को अपने साथ शैक्षणिक दस्तावेज, रोजगार पंजीयन प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय रायपुर से संपर्क कर सकते हैं या विभागीय वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह मेला युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।





