May 18, 2026

Raipur Gangwar : कालीबाड़ी के गांधीनगर में गैंगवार, चाकूबाजी में युवक घायल, 3 आरोपी हिरासत में

रायपुर। राजधानी में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन इसके बावजूद लूटपाट, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में कालीबाड़ी के गांधीनगर इलाके से देर रात गैंगवार का मामला सामने आया है। यहां गांजा तस्कर रवि साहू और मुकेश बनिया से जुड़े गुर्गों के बीच आपसी रंजिश को लेकर चाकूबाजी हो गई। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

कहासुनी के बाद गैंगवार में बदला विवाद
जानकारी के मुताबिक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। कालीबाड़ी के गांधीनगर इलाके में अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गैंगवार की स्थिति बन गई। इस दौरान विक्रम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक को दौड़ाकर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस विवाद के पीछे गांजा बेचने को लेकर पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है।

दोनों गैंग के सरगना पहले से जेल में बंद
बताया जा रहा है कि गांधीनगर का हिस्ट्रीशीटर रवि साहू गांजा तस्करी के मामले में 10 साल की सजा काट रहा है और फिलहाल जगदलपुर जेल में बंद है। वहीं नेहरू नगर निवासी मुकेश बनिया भी इसी मामले में रायपुर जेल में बंद है।

12 घंटे में पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी सेंट्रल जोन और डीसीपी क्राइम के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।