रायपुर। छत्तीसगढ़ गौसुल आजम कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक 31 अगस्त 2026 को काज़ी-ए-शहर कारी इमरान अशरफी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कमेटी के पदाधिकारियों का निर्वाचन सर्वसम्मति से किया गया। इसमें हाजी मोहम्मद अय्यूब पारेख को कमेटी का नया सदर (अध्यक्ष) चुना गया, जबकि नदीम मेमन को महासचिव (जनरल सेक्रेटरी) की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके साथ ही परवेज़ अख्तर को नायब सदर और मोहम्मद एजाज अज्जू को चीफ ऑर्गनाइज़र की जिम्मेदारी दी गई। नवनिर्वाचित सदर मोहम्मद अय्यूब पारेख का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा।
गौसुल आजम कॉन्फ्रेंस और जुलूसे गौसिया की तैयारियां
नवनिर्वाचित सदर हाजी मोहम्मद अय्यूब पारेख ने कहा कि कमेटी की ओर से आगामी दिनों में गौसुल आजम कॉन्फ्रेंस और जुलूसे गौसिया का आयोजन व्यवस्थित और भव्य रूप से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना, बच्चों और युवाओं को तालीम से जोड़ना तथा शैक्षणिक और सामाजिक तरक्की के लिए लगातार काम करना कमेटी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
मोहल्ला कमेटियों के गठन का निर्णय
बैठक में शहर के विभिन्न मोहल्लों से जुलूसे गौसिया निकालने और मोहल्ला कमेटियों का गठन करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही समाज में तालीमी बेदारी यानी शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने के लिए मोहल्लावार सर्वे कराने पर भी सहमति बनी।
कमेटी के जेरे-एहतेमाम हर वर्ष 11वीं शरीफ के मौके पर गौसुल आजम कॉन्फ्रेंस और जुलूसे गौसिया का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष के आयोजन की तैयारियों और आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
पदाधिकारियों ने दी नवनिर्वाचित सदर को मुबारकबाद
बैठक में नायब काज़ी-ए-शहर मुफ्ती एहतेशाम अली फारूकी, डॉ. मुजाहिद अली फारूकी, इकबाल शरीफ, हाजी बदरुद्दीन खोखर, कारी अब्दुल रज्जाक, डॉ. जहीर रहबर, हसरत खान, पूर्व सदर मोहम्मद फुरकान, हाजी अज्जू, डॉ. अतिकुर रहमान, फारूक डेंटर, हाजी शोबी जमील, रमीज अशरफ, मौलाना निजामुद्दीन, मौलाना अमीर बेग, रफीक सिद्दीकी, खालिद सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित सदर हाजी मोहम्मद अय्यूब पारेख और महासचिव नदीम मेमन को मुबारकबाद देते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।





