March 5, 2026

रायपुर: ग्राम कुकरा में अतिक्रमण विवाद, प्रशासन बिना कार्रवाई लौटा, ग्रामीण 02 फरवरी को कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी दे रहे

रायपुर।
आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरा में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। एक तरफ नवा रायपुर में अतिक्रमण हटाने का ग्रामीण विरोध कर रहे थे, वहीं ग्राम कुकरा के ग्रामीण अतिक्रमण न हटाए जाने से नाराज हैं।

ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के एक साल बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है। गुरुवार को नायब तहसीलदार नीलम ठाकुर के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन किसी ठोस कार्रवाई के बिना वापस लौट गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

क्या है मामला

ग्राम कुकरा में लगभग 38 अतिक्रमणकारियों ने शासकीय जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा है। एक वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा इन अतिक्रमणों को हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की सुस्ती के कारण अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रशासन की ढुलमुल कार्रवाई पर नाराजगी

मौके पर नायब तहसीलदार नीलम ठाकुर दल-बल के साथ पहुंचीं, लेकिन प्रशासन ने ‘अनावेदक की अनुपस्थिति’ का हवाला देते हुए कोई कार्रवाई नहीं की और वापस लौट गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस उदासीनता पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि कार्रवाई टालने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बढ़े हैं। वहीं, अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बजाय मौके से वापस लौटना बेहतर समझा।

02 फरवरी को कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध निर्माणों पर बुलडोजर नहीं चला, तो 02 फरवरी को बड़ी संख्या में जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

ग्राम पंचायत कुकरा के सरपंच नंदलाल डहरिया ने कहा, “एक साल से प्रस्ताव धूल फांक रहा है। आज जब टीम आई, तो बिना कार्रवाई के लौट गई। यह सीधे तौर पर प्रशासनिक विफलता है।”

तहसीलदार का जवाब

मंदिरहसौद तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत की शिकायत में 13 अतिक्रमणकारियों के नाम थे, लेकिन जांच में लगभग 38 अतिक्रमणकारियों के नाम सामने आए।
“ग्रामीण 13 पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, बाकी का विरोध कर रहे हैं। आज नायब तहसीलदार ने अनावेदक की अनुपस्थिति के कारण कार्रवाई नहीं की। जल्द ही सभी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने कहा।