May 15, 2026

रायपुर में बना ग्रीन कॉरिडोर, 15 मिनट में एम्स से अस्पताल पहुंची किडनी ट्रांसप्लांट एम्बुलेंस

रायपुर। राजधानी रायपुर में मानवता और प्रशासनिक तत्परता का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला, जब किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एम्स अस्पताल से श्रीबालाजी अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एम्बुलेंस को मात्र 15 मिनट में सुरक्षित पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, एम्स रायपुर के डॉक्टर वरुण ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाने की आवश्यकता से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर ने तुरंत निर्देश जारी किए, जिसके बाद रायपुर यातायात पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पूरे मार्ग को खाली कर निर्बाध रास्ता सुनिश्चित किया।

15 मिनट में तय हुआ पूरा रूट
एम्बुलेंस दोपहर 2:02 बजे एम्स अस्पताल से रवाना हुई और जीई रोड, मोहबा बाजार चौक, आमापारा चौक, अग्रसेन चौक, तेलघानी नाका चौक, स्टेशन चौक, एक्सप्रेसवे मार्ग, पंडरी ब्रिज, कपड़ा मार्केट चौक, लोधीपारा चौक, दलदल सिवनी टर्निंग और मोवा थाना तिराहा होते हुए 2:17 बजे श्रीबालाजी अस्पताल पहुंच गई।

पूरे मार्ग पर यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया, जिससे एम्बुलेंस बिना किसी रुकावट के गंतव्य तक पहुंच सकी।

किडनी ट्रांसप्लांट सफल
जानकारी के अनुसार पेंड्रा निवासी 39 वर्षीय मरीज का सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। वहीं डोनर के रूप में उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार ने किडनी दान कर मानवता की मिसाल पेश की।

इस पूरे अभियान में रायपुर पुलिस और यातायात विभाग की त्वरित कार्रवाई और समन्वय की सराहना की जा रही है।