September 4, 2026

रायपुर के गुढ़ियारी में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, मूर्तियां क्षतिग्रस्त; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थोक मार्केट पड़ाव स्थित धार्मिक स्थल में गुरुवार सुबह तोड़फोड़ की घटना सामने आई। मंदिर परिसर में स्थापित साईं बाबा, हनुमान और शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बजरंग दल और VHP कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने के बाद पुलिस ने स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया और हालात को नियंत्रित किया।

प्रतिमाएं किसने क्षतिग्रस्त कीं, जांच जारी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रतिमाओं को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया, इसका पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अन्य माध्यमों से भी घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।