रायपुर। राजधानी में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से एक युवक को अवैध पिस्टल और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा. पु. से) ने अवैध हथियार रखने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 16 फरवरी को गुढ़ियारी पुलिस को सूचना मिली कि CSEB मैदान के पास एक व्यक्ति पिस्टल लेकर घूम रहा है।
अति पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना प्रभारी गुढ़ियारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी में पिस्टल और मैगजीन बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सिद्धार्थ शर्मा (29 वर्ष), निवासी तिरंगा चौक, डी.डी. नगर, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिस्टल और एक खाली मैगजीन बरामद की गई।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी कोई कागजात नहीं दिखा सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब पिस्टल के स्रोत और इसके अवैध नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





