रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के नाम पर अस्पतालों से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी खुद को ‘अजय अग्रवाल’ बताकर अस्पताल संचालकों को कॉल करता था और कथित शिकायतों को रफा-दफा करने के नाम पर मोटी रकम की मांग करता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, मंत्रालय या उनके निजी स्टाफ में ‘अजय अग्रवाल’ नाम का कोई व्यक्ति कार्यरत नहीं है। आरोपी उनके नाम और पद का दुरुपयोग कर न केवल अवैध लाभ लेने की कोशिश कर रहा है, बल्कि विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अस्पताल संचालकों को फोन कर उनके संस्थान के खिलाफ शिकायत होने का डर दिखाता था और उसे खत्म करने के लिए पैसों की मांग करता था। इस तरह वह मानसिक दबाव बनाकर ठगी की कोशिश करता था।
इस ठगी का शिकार भिलाई-चरोदा स्थित ए.एम. हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मनोज पोपटनी, दुर्ग के आर्य नगर स्थित गंगोत्री अस्पताल के संचालक डॉ. ओम प्रकाश कराडे और बिलासपुर के आर.बी. अस्पताल व हाईटेक अस्पताल भी हुए हैं, जिन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।





