March 5, 2026

रायपुर: ऑनलाइन सट्टा गिरोह पकड़ा, 37.5 लाख और 3 लग्जरी कारें जब्त

टी-20 से पहले एंटी क्राइम टीम ने हाई-प्रोफाइल गिरोह का भंडाफोड़ किया, आरोपी महाराष्ट्र और एमपी तक जुड़

रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले हाई-प्रोफाइल गिरोह का एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया। टीम ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 37.50 लाख रुपये कैश, 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा XL-6 सहित 10 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी नागोराव गली अंडरब्रिज के पास अपनी लग्जरी कारों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए मौके पर कारों और कब्जे में रखी नगदी को जब्त किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने jmdbet777.com और Classic777.com जैसी वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर सट्टा खेलाया। गिरोह के तार महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों तक जुड़े हुए पाए गए। मुख्य आरोपी रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन मास्टर आईडी उपलब्ध कराते थे।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि जब्त की गई नगदी के पीछे हवाला ट्रांजैक्शन और फर्जी बैंक खातों के सबूत मिले हैं। फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन जारी है ताकि सट्टे की पूरी काली कमाई का पर्दाफाश किया जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

  • रखब देव पाहुजा (भिलाई)
  • पीयूष जैन (रोहिणीपुरम, रायपुर)
  • जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (रायपुर)
  • दीपक अग्रवाल (बिलासपुर)
  • कमल राघवानी (गायत्री नगर, रायपुर)
  • सचिन जैन (गुढ़ियारी, रायपुर)

पुलिस ने अब उन लोगों की सूची भी तैयार कर ली है जो इन आरोपियों से आईडी लेकर सट्टा खेलते थे। जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।