रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला और उसकी सहयोगी के खिलाफ अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की कथित उगाही करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीरगांव के गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी नामक महिला से थी।
नशीला पदार्थ पिलाने और फोटो खींचने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 6 जनवरी 2026 को महिला के बुलावे पर वह उसके घर गया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी। पीड़ित का आरोप है कि दोनों महिलाओं ने उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को आपत्तिजनक स्थिति में पाया और उसकी अश्लील तस्वीरें खींची जा चुकी थीं।
तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर वसूले पैसे
पीड़ित का आरोप है कि दो दिन बाद उसे फिर बुलाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं गईं और उन्हें परिवार तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की गई। सामाजिक बदनामी के डर से उसने आरोपितों को किस्तों में रकम दी।
शिकायत के अनुसार, 8 जनवरी को 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद फरवरी में 48 हजार, मार्च में 45 हजार, अप्रैल में 46 हजार, मई में 46 हजार और जून में 30 हजार रुपये दिए गए। इस तरह कुल 2.65 लाख रुपये की उगाही किए जाने का आरोप लगाया गया है।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।





