May 19, 2026

हॉस्पिटल में हंगामा: महिला की हालत गंभीर, मायके-ससुराल पक्ष में मारपीट

रायपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के शैलेन्द्र नगर स्थित नवकार हॉस्पिटल में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला के इलाज के दौरान मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट भी हुई।

जानकारी के अनुसार, शिव नगर (संतोषी नगर) निवासी याश्मिन परवीन ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

शुक्रवार को इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए उसके बचने की संभावना कम बताई। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इसी बात को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर टिकरापारा थाना और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल अस्पताल में पुलिस बल तैनात है।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या के प्रयास का बताया जा रहा है, लेकिन महिला के मायके पक्ष ने इस पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है, जिसे छिपाने के लिए फांसी का रूप दिया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।