रायपुर। होटल बुकिंग के नाम पर टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसायी से 19 लाख 47 हजार 400 रुपए की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग को एसीसीयू और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साढ़े चार लाख रुपए नकद और घटना से संबंधित एक आईफोन भी जब्त किया है। आरोपी पहले भी ठगी के अन्य मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानक नगर तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा ‘ट्रैवल प्लानर’ नाम से टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 1 मार्च को शाम करीब 5 बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताया और अमेरिका व लंदन में होटल बुकिंग करवाने की बात कही।
विदेशी मुद्रा लेकर करेंसी टॉवर बुलाया
व्यवसायी ने व्हाट्सएप चैट के जरिए होटल के विकल्प भेजे, जिसके बाद आरोपी ने बैंक अकाउंट डिटेल्स लेकर अगले दिन भुगतान करने की बात कही। 2 मार्च को आरोपी ने व्यवसायी को तेलीबांधा स्थित करेंसी टॉवर के सातवें माले में स्थित जेनेट को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और मैसेज कर 18 हजार यूएस डॉलर और दो हजार जीबीपी साथ लाने को कहा।
व्यवसायी तय समय पर दोपहर करीब 2:40 बजे बताए गए स्थान पर विदेशी मुद्रा लेकर पहुंचा। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को रक्षित अग्रवाल बताते हुए नोट गिनने के लिए मशीन लाने की बात कही और विदेशी मुद्रा लेकर केबिन से बाहर चला गया। इसी दौरान फोन पर हर्षित अग्रवाल व्यवसायी को बातचीत में उलझाए रहा। कुछ देर बाद पता चला कि आरोपी विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सुराग पश्चिम बंगाल तक पहुंचे, जिसके बाद पुलिस टीम ने हावड़ा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रोसेनजित चक्रवर्ती (38 वर्ष) निवासी ओला बीबीतला लेन, थाना चटर्जी हाट सिबपुर, जिला हावड़ा बताया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से ठगी की रकम में से साढ़े चार लाख रुपए नकद और एक आईफोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुंबई के बांद्रा थाने में भी ठगी से जुड़ा एक अन्य मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।





