September 4, 2026

रायपुर के होटल में युवक-युवती अचेत हालत में मिले, युवती की हालत गंभीर; पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक स्थित बंसल पैराडाइज होटल में युवक-युवती अचेत हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान कृष्ण कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि युवती रिमन मंडावी मोहला-मानपुर की निवासी बताई गई है। दोनों ने मंगलवार सुबह अलग-अलग समय पर होटल में प्रवेश किया था।

दोपहर करीब 3 बजे होटल के कर्मचारियों को कमरे से लड़ाई-झगड़े और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

नुकीले हथियार से हमला करने की आशंका

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया तो दोनों अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने युवती पर नुकीले हथियार से हमला किया और इसके बाद खुद को भी घायल किया। हालांकि घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

CCTV और मोबाइल की जांच

घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है। पुलिस टीम होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों होटल में कब और किस उद्देश्य से पहुंचे थे, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।