रायपुर। छत्तीसगढ़ ऑन्कोलॉजी एसोसिएशन, क्षेत्रीय कैंसर संस्थान रायपुर एवं संजीवनी कैंसर केयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 7 और 8 फरवरी को इंडियन एसोसिएशन ऑफ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी (IASO) का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन विधायक डॉ. राजेश मूणत ने किया।
सम्मेलन में देशभर से 200 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के कैंसर सर्जन और छत्तीसगढ़ से लगभग 300 चिकित्सक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में IASO के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुब्रमणेश्वर राव एवं महासचिव डॉ. नरेंद्र होलिकल भी विशेष रूप से रायपुर पहुंचे हैं।
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीन विशेषज्ञ वक्ता शामिल हुए हैं। सिंगापुर से आए प्रसिद्ध कैंसर सर्जन डॉ. जिमी सो ने गैस्ट्रिक कैंसर के आधुनिक उपचार एवं शल्य चिकित्सा प्रबंधन पर जानकारी दी। वहीं दक्षिण कोरिया से आए प्रोफेसर ह्ये-जिन किम ने रेक्टल कैंसर में लैटरल पेल्विक लिम्फ नोड डिसेक्शन और फ्लोरेसेंस गाइडेड सर्जरी पर व्याख्यान दिया। प्रोफेसर सिउंग हो सॉन्ग ने मशीन लर्निंग आधारित रिस्क असेसमेंट और रोबोटिक सर्जरी पर अपने शोध साझा किए।
सम्मेलन में वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. यूसुफ मेमन, डॉ. माउ राय, डॉ. आशुतोष गुप्ता एवं डॉ. अमित वर्मा की प्रमुख भूमिका रही। उन्होंने वैज्ञानिक सत्रों और पैनल चर्चाओं के माध्यम से आधुनिक कैंसर सर्जरी और बहुविषयक उपचार पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा किए।
आयोजन को सफल बनाने में डॉ. जसवंत जैन, डॉ. श्रवण नाडकर्णी, डॉ. अर्पण चतुर्मुहता, डॉ. विवेक पटेल एवं डॉ. विकास अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सम्मेलन के दौरान सभी प्रकार के कैंसर की नवीन जांच तकनीक, न्यूनतम चीरा आधारित सर्जरी, रोबोटिक ऑपरेशन एवं मल्टी-डिसिप्लिनरी ट्रीटमेंट पर विशेष चर्चा की जा रही है। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार की गुणवत्ता को नई दिशा देगा।





