September 4, 2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल और महिला बैगपाइपर बैंड ने बांधा समां, डॉग स्क्वॉड के प्रदर्शन ने जीता दिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में घुड़सवार दल, महिला बैगपाइपर बैंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वॉड ने शानदार प्रदर्शन किया। घुड़सवार दल के रोमांचक हॉर्स शो ने दर्शकों में उत्साह भर दिया, वहीं प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। डॉग स्क्वॉड ने अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की क्षमता का प्रदर्शन कर लोगों को पुलिस के प्रशिक्षित श्वानों की उपयोगिता से परिचित कराया।

घुड़सवार दल का हॉर्स शो रहा आकर्षण का केंद्र

स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने शानदार हॉर्स शो प्रस्तुत किया। दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं।

आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। टेंट पैगिंग में अश्व रूद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी क्षमता दिखाई। घुड़सवार दल के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।

महिला बैगपाइपर बैंड ने बिखेरी देशभक्ति की धुन

आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यीय महिला बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च के दौरान इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें प्रस्तुत कीं।

स्लो मार्च के दौरान नवरंगी, तर्शपे रील और ड्रम कॉल की प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान खींचा। बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियम मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों से मनमोहक धुनें बजाईं।

राष्ट्रीय स्तर पर भी हासिल कर चुका है सम्मान

महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित ITBP BTC मानु में छह महीने का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में दल ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके बाद हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला। इसी प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और पूरे प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब हासिल किया।

डॉग स्क्वॉड ने दिखाया श्वानों का रोमांचक प्रदर्शन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वॉड ने भी अपनी दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन किया। स्क्वॉड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रशिक्षित श्वानों ने कमल के फूल की आकृति में खुद को व्यवस्थित कर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का भी श्वानों ने बखूबी पालन किया।

वहीं आग से जल रहे गोल रिंग के बीच से दुलार, मेरी और शिवा नामक श्वानों ने छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्रियों को खोजने की अपनी क्षमता का भी प्रदर्शन किया।

इसके अलावा कई अलग-अलग गंधों के बीच निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रदर्शन भी किया गया। डॉग स्क्वॉड की इस प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि आपराधिक जांच और सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित श्वानों की महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी भी दी।