May 14, 2026

रायपुर | IPL 2026: रायपुर में 10 और 13 मई को होंगे बड़े मुकाबले, टिकट बुकिंग 3 मई से शुरू

रायपुर। राजधानी रायपुर में आईपीएल के दो बड़े मुकाबले 10 और 13 मई को खेले जाएंगे। इन मैचों के लिए टिकट बुकिंग 3 मई से शुरू हो रही है। टिकट केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आधिकारिक वेबसाइट और ऐप के माध्यम से ही उपलब्ध होंगे। आयोजकों ने दर्शकों से अपील की है कि किसी भी अन्य वेबसाइट या ऐप से नकली टिकट न खरीदें।

इन टीमों के बीच होंगे मुकाबले
10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) बनाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला होगा, जबकि 13 मई को RCB का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।

सूत्रों के अनुसार, RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और लगभग 6 दिन तक शहर में रहेगी। इस दौरान टीम स्टेडियम में अभ्यास भी करेगी। मुंबई इंडियंस के भी 8 मई के बाद रायपुर पहुंचने की संभावना है।

टिकट की कीमतें और व्यवस्था
टिकटों की शुरुआती कीमत 2000 रुपये रखी गई है। इसके अलावा 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपये तक की श्रेणियां होंगी। प्लैटिनम सीटों से जुड़े बदलाव के तहत अब दर्शकों को खिलाड़ियों को और बेहतर तरीके से देखने की सुविधा मिलेगी, क्योंकि सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि टिकट केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही बुक किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की ठगी से बचा जा सके।