May 13, 2026

IPL मैच में ओवरचार्जिंग का आरोप, CSS ने वित्त मंत्री से की कार्रवाई की मांग

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित आईपीएल मैच के दौरान दर्शकों से कथित ओवरचार्जिंग और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी (CSS) ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

संस्था के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने आरोप लगाया है कि मैच के दौरान खान-पान और जरूरी सामानों के लिए दर्शकों से निर्धारित कीमत से कई गुना ज्यादा राशि वसूली गई। उनका कहना है कि सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के भीतर बाहर से खाने-पीने का सामान ले जाने पर रोक थी, जिसका फायदा वेंडरों ने उठाया।

शिकायत के मुताबिक 42 से 43 डिग्री तापमान के बीच आयोजित मैच में 20 रुपये की पानी की बोतल 100 रुपये में बेची गई। वहीं समोसा और कोल्ड ड्रिंक जैसी वस्तुएं भी कई गुना अधिक कीमत पर दर्शकों को उपलब्ध कराई गईं। संस्था ने आरोप लगाया कि RCB और BCCI से जुड़े वेंडरों ने 500 से 1000 प्रतिशत तक अधिक कीमत वसूली।

CSS ने कैश लेनदेन और GST चोरी के भी आरोप लगाए हैं। संस्था का दावा है कि अधिकांश भुगतान नकद में लिए गए और ग्राहकों को कोई रसीद या बिल नहीं दिया गया। शिकायत में अनुमान लगाया गया है कि मैच के दौरान करीब 10 से 11 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जिसमें 8 से 9 करोड़ रुपये तक की कथित अवैध वसूली शामिल हो सकती है।

संस्था ने राज्य सरकार से GST कमिश्नर और संबंधित विभागों के माध्यम से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही 13 तारीख को होने वाले अगले IPL मुकाबले में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए सख्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने यह भी मांग की है कि कथित अतिरिक्त वसूली की राशि को जुर्माने सहित रिकवर कर मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा कराया जाए।