रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 10 साल बाद आईपीएल मैचों की मेजबानी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस बड़ी संख्या में पहुंच सकते हैं। वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह के भी स्टेडियम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने अंबानी परिवार और अन्य बॉलीवुड हस्तियों के आने की भी चर्चा है।
आईपीएल मैचों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाईलेवल बैठक ली थी, जिसके बाद तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर के 8 आईपीएस अधिकारियों सहित 20 राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। मैच के दौरान 1200 पुलिस जवान और अधिकारी तैनात रहेंगे। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अलग से 300 से अधिक जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
स्टेडियम तक पहुंचने के लिए दर्शकों के लिए पांच अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं, जबकि पैवेलियन के लिए तीन विशेष गेट निर्धारित किए गए हैं।
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नवा रायपुर मार्ग से स्टेडियम पहुंच सकेंगे। इनके लिए पार्किंग व्यवस्था साई अस्पताल और सेंध तालाब के पास की गई है। वहीं बिलासपुर, बलौदाबाजार और खरोरा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए परसदा और कोसा पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
दुर्ग-भिलाई से आने वाले वाहन टाटीबंध, पचपेढ़ी नाका, तेलीबांधा और सेरीखेड़ी मार्ग से होकर निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। धमतरी, जगदलपुर, महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था तय की गई है।
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे तय मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।





